आईएसएसएफ विश्व कप : पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में उदयवीर सिद्धू को गोल्ड

11 Oct 2026 19:24:53
उदयवीर सिद्धू फोटो आईएसएसएफ/एनआरएआई


नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के निशानेबाज उदयवीर सिद्धू ने रविवार को इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व कप राइफल/पिस्टल में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता मिस्र के काहिरा में खेली जा रही है। रोमांचक फाइनल में उदयवीर ने जर्मनी के निशानेबाज क्रिश्चियन रिट्ज को 0.5 अंक से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के मुताबिक 24 वर्षीय उदयवीर ने पदक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 240.6 अंक हासिल किए, जबकि रिट्ज 240.1 अंकों के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। इटली के पाओलो मोन्ना ने 219.8 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

फाइनल मुक़ाबला सिद्धू और रिट्ज के बीच कड़ा रहा, जिसमें भारतीय शूटर ने आखिरी पलों में अपना संयम बनाए रखते हुए खिताब अपने नाम किया। रिट्ज पूरे समय उनके करीब बने रहे। आखिरी दो शॉट से पहले उदयवीर रिट्ज से 0.3 अंक पीछे चल रहे थे। ऐसे में भारतीय निशानेबाज ने 10.2 और 9.8 अंक के शॉट लगाए। रिट्ज अपने दोनों अंतिम शॉट में 9.6-9.6 अंक ही हासिल कर सके। इस तरह उदयवीर ने अंतिम शॉट के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0