
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 94वें संस्करण का नेतृत्व किया। इस आयोजन में 500 से अधिक साइकिल सवारों और 1,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस के प्रति जागरूक करना था। इस बार की थीम ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ रही। कार्यक्रम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेताओं प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार और राज कुमार पाल ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे वाराणसी के नमो घाट पर हुई। हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट, कान्हा शांतिवनम हैदराबाद की युवा मामलों की निदेशक डॉ. निवेदिता श्रेयंस ने ध्यान सत्र का नेतृत्व किया। इस सत्र के माध्यम से शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर दिया गया। इसके बाद आकर्षक कथक प्रस्तुति और ऊर्जावान जुंबा सत्र का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, शारीरिक सक्रियता और सामुदायिक भागीदारी को एक मंच पर लाकर समग्र स्वास्थ्य का संदेश दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं से फिटनेस को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के महत्व को रेखांकित किया।
मंत्री और कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ ली। सभी ने नशे के दुरुपयोग के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने और देश में नशामुक्त पीढ़ी के निर्माण के संकल्प को दोहराया।
संबोधन के बाद डॉ. मांडविया ने नमो घाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक साइकिल रैली का नेतृत्व किया। रैली के माध्यम से वाराणसी की सड़कों पर ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार और राज कुमार पाल शामिल रहे।
इन खिलाड़ियों की उपस्थिति ने युवाओं को खेल, अनुशासन, निरंतर मेहनत और समर्पण के महत्व से परिचित कराया। खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों के माध्यम से युवाओं को फिटनेस अपनाने और स्वस्थ जीवन के विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह