वाराणसी : बरेका के अजय कुमार बिंद ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

11 Oct 2026 12:51:53
बरेका के अजय कुमार बिंद


-5000 मीटर दौड़ में 14 मिनट 03.86 सेकंड का समय निकाल कर हासिल किया तीसरा स्थान

वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कर्मी एवं एथलीट अजय कुमार बिंद ने 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 14 मिनट 03.86 सेकंड का समय दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से बरेका सहित भारतीय रेल का गौरव बढ़ा है।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अजय कुमार बिंद ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिचय देते हुए पदक हासिल किया। अजय कुमार बिंद वर्तमान में बरेका में टेक्नीशियन (फिटर) के पद पर कार्यरत हैं। रेलकर्मी के साथ-साथ एक समर्पित एथलीट के रूप में उनकी यह उपलब्धि खेल के प्रति उनके अनुशासन, लगन और समर्पण को दर्शाती है।

उनकी सफलता से बरेका परिवार में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की गई है। अजय कुमार बिंद की यह सफलता अन्य खिलाड़ियों और रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।-------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0