विपक्ष लोकतंत्र को संसद से सड़क पर ला रहा है : शांता कुमार

11 Oct 2026 20:04:53
शांता कुमार।


शिमला, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के लिए 21वीं सदी का सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि विपक्ष लोकतंत्र को संसद से घसीटकर सड़क पर ला रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे निराशा और हताशा का रास्ता छोड़कर संसद में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें।

शांता कुमार ने रविवार काे एक बयान में कहा कि देश के 42 पूर्व उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों तथा 142 पूर्व आईएएस और आईएफएस अधिकारियों सहित कुल 184 लोगों ने एक पत्र जारी कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की राय को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और विपक्ष को लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अपना दृष्टिकोण स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विपक्ष आज नेतृत्वहीन और बिखरा हुआ नजर आ रहा है तथा निराशा और हताशा में गलत रास्ता अपना रहा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से सवाल किया कि यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उन्हें आपत्ति है, तो उसी चुनाव आयोग के तहत हुए चुनावों में हिमाचल प्रदेश सहित सात राज्यों में भाजपा को हराकर कांग्रेस की सरकारें कैसे बनीं?

पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय राजनीति के एक पुराने दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में पहले भी ऐसी परिस्थितियां बनी थीं। उस समय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 23 छोटे-बड़े राजनीतिक दलों को एकजुट कर राष्ट्रीय गठबंधन बनाया था। सभी दल एक साझा कार्यक्रम पर सहमत हुए, चुनाव लड़ा और सरकार का गठन किया।

शांता कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों का समाधान, संवाद, सहमति और संसदीय प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि विपक्षी नेताओं को सद्बुद्धि मिले और वे लोकतंत्र की मर्यादाओं के अनुरूप सही रास्ते पर चलें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0