राहुल गांधी और कांग्रेस न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं: अनुराग ठाकुर

12 Oct 2026 18:45:53
Anurag Thakur targets Rahul Gandhi, seeks answer on promise of five lakh government jobs in Himachal Pradesh


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर न्यायपालिका पर दबाव बनाने तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति टकराव का रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। सोमवार को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक मांगों को पूरा कराने के लिए सड़कों पर उतरने की चेतावनी देकर न्यायिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि अदालत ने संबंधित मामले में औपचारिक याचिका दाखिल करने की बात कही है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी बार-बार उन्हीं आरोपों को दोहराकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ठाकुर के मुताबिक, कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट है कि यदि उसे सत्ता नहीं मिलती है, तो वह देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करती है।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें न्यायालयों में पहले भी कई मामलों में झटके लगे हैं और कुछ मामलों में माफी भी मांगनी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब सड़कों पर उतरकर बार-बार एक ही बात को दोहराने के जरिए उसे समाज के सामने सच साबित करना चाहते हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में न्यायपालिका का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी मामले में असहमति होने पर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपनी राजनीतिक मांगों के लिए न्यायिक व्यवस्था पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान ठाकुर ने चुनावी अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पार्टी पर खुद चुनावी धांधली के आरोप लगते रहे हैं, उसे दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने अतीत पर भी नजर डालनी चाहिए।

उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास और लोकतंत्र के प्रति अपने रुख का जवाब देना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने वर्ष 1989 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए राजीव गांधी और राजमोहन गांधी के बीच हुए चुनावी मुकाबले का जिक्र किया। उन्होंने इस मुकाबले को 'फेक गांधी बनाम रियल गांधी' बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी से सवाल किया कि उस चुनाव के दौरान कितने मतदान केंद्रों पर कथित तौर पर कब्जा किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आज की युवा पीढ़ी को अपने राजनीतिक इतिहास के इन पहलुओं के बारे में भी बताना चाहिए।

ठाकुर ने इन सवालों के माध्यम से कांग्रेस के चुनावी इतिहास और उसकी ओर से मौजूदा चुनावी प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों के बीच विरोधाभास बताने की कोशिश की।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी परिणामों और न्यायिक फैसलों को स्वीकार करने के बजाय विवाद खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को अपनी मांगें रखने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने का रास्ता नहीं अपनाया जाना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने तथा चुनावी अनियमितताओं से जुड़े आरोपों को उचित कानूनी मंच

पर उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Powered By Sangraha 9.0