छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ओडिशा के 04 और बस्तर के 02 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

12 Oct 2026 19:53:53
छत्तीसगढ़ बीजापुर में ओडिशा के 04 व बस्तर के 02 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण


बीजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पड़ाेसी राज्य ओडिशा में सक्रिय 04 नक्सली और बस्तर डिवीजन के 02 नक्सलियों ने डीआरजी बीजापुर एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सहयोग से बीजापुर पुलिस के समक्ष आज साेमवार काे आत्मसमर्पण कर दिया है।

सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव, संगठन के विघटन के साथ ही संगठन की हिंसक एवं जनविरोधी विचारधारा से मोहभंग होने पर नक्सलियों ने पुनर्वास का फैसला लिया। पूर्व साथियों के भी सफल पुनर्वास को देख इन 06 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। बीजापुर जिले में संचालित पुनर्वास एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का इसे सकारात्मक परिणाम बताया जा रहा है।

बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले कई कैडर अलग-अलग मुठभेड़ों, पुलिस कैंपों पर हमलों और सुरक्षाबलों के खिलाफ संचालित गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा और अन्य क्षेत्रों की घटनाएं शामिल हैं।

बीजापुर पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कैडरों में 8 लाख की इनामी रानी सोढ़ी उर्फ संध्या, उम्र 30 वर्ष, निवासी -गोरना बटटूमपारा, थाना बीजापुर, संगठन ओडिशा राज्य, कंपनी नंबर 08 पीपीसीएम, 2. आठ लाख का इनामी पांडो पोड़ियम उर्फ सस्मिता, उम्र 28 वर्ष, निवासी -नेलनार मंतूपारा, थाना ओरछा, जिला नारायणपुर, संगठन ओडिशा राज्य, कंपनी नंबर 08 पीपीसीएम 3. आठ लाख का इनामी सुक्कू कुड़ियम उर्फ संतोष, उम्र: 27 वर्ष, निवासी - सागमेटा ईमलीपारा, थाना फरसेगढ़, जिला बीजापुर, संगठन ओडिशा राज्य, कंपनी नंबर 08 पीपीसीएम/ उड़ीसा राज्य सीसीएम गणेश उईका का सुरक्षा गार्ड, 4. आठ लाख का इनामी कोसा माड़वी उर्फ सतीश, उम्र 30 वर्ष, निवासी -पोनडवाया, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर, संगठन कंपनी नंबर 02, पीपीसीएम/ ए-सेक्शन कमांडर शामिल हैं।

आत्म समर्पित नक्सलियों में दो लाख रुपये का इनामी देवे मड़कम उर्फ जन्नी, उम्र 22 वर्ष, पता: सिंगनपल्ली स्कूलपारा, थाना उसूर, जिला बीजापुर, संगठन ओडिशा राज्य, कंपनी नंबर 08 की पार्टी सदस्य तथा दो लाख रुपये का इनामी जगदीश इरपा उर्फ रमन्ना का सुरक्षा गार्ड सदस्य, पद/रैंक पीएम और एक लाख रुपये का इनामी लालू ताती, उम्र 25 वर्ष, पता: तोड़का गायता पारा, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर, संगठन गंगालूर एरिया कमेटी, पार्टी सदस्य शामिल हैं ।

बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आदिवासी क्षेत्रों में तेजी से हो रहे विकास कार्यों, सुरक्षाबलों की सक्रियता और पूर्व नक्सली कैडरों के पुनर्वास से सकारात्मक वातावरण बना है। आत्मसमर्पण करने वाले सभी कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की नीति के तहत सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Powered By Sangraha 9.0