कूनो में मादा चीता आशा के 8 माह के शावक की मौत, वन विभाग की टीम को मिला शव

12 Oct 2026 22:38:53
मृत अवस्था में मिला चीता शावक


भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता आशा के एक शावक की मौत हो गई। करीब आठ माह के इस शावक का शव सोमवार को वन विभाग की टीम को मिला है। फिलहाल शावक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। वन विभाग के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।

चीता परियोजना के फील्ड डायरेक्टर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी गई कि कूनो उद्यान के जंगल में सोमवार सुबह निगरानी के दौरान मादा चीता आशा अपने पांच शावकों में से चार के साथ दिखी। एक शावक के गायब होने के बाद वन विभाग की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद शावक मृत अवस्था में मिला। इस शावक की मौत के बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या 53 रह गई है, जिनमें 40 भारत में जन्मे हैं। देश में अब कुल 59 चीते हैं। कूनो में 15 चीते खुले जंगल में हैं, जबकि गांधी सागर अभयारण्य में चार और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते हैं।

चीता परियोजना के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि शावक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ हो पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0