सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ ने 12-1 से दर्ज की बड़ी जीत

13 Oct 2026 20:49:53
प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब देते हुए


बिहार और राजस्थान भी जीते

झांसी में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पांच मुकाबले खेले गए

अरुणाचल और दादरा-नगर हवेली की टीमों ने भी हासिल की जीत

झांसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 में मंगलवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में हॉकी छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 12-1 से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वहीं बिहार, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश और दादरा-नगर हवेली एवं दमन-दीव की टीमों ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते।

पहले मुकाबले में हॉकी राजस्थान ने आंध्र प्रदेश को 5-3 गोल से पराजित किया। राजस्थान की ओर से अंकित रावत और अनुराग सुथर ने दो-दो गोल किए, जबकि कुणाल कुंडल ने एक गोल दागा।

दूसरे मैच में बिहार ने गुजरात को 7-2 से हराया। बिहार के जॉनी कुमार ने सर्वाधिक तीन गोल किए। मोहम्मद सिद्दीक, रविकांत कुमार, अतीत कुमार और अभय कुमार ने एक-एक गोल किया।

तीसरे मुकाबले में हॉकी अरुणाचल ने गोवा हॉकी को 4-3 से शिकस्त दी। मनोज यादव ने दो, जबकि शिवम सिंह और कप्तान अभिनव सिंह ने एक-एक गोल किया।

चौथे मैच में दादरा-नगर हवेली एवं दमन-दीव हॉकी टीम ने तेलंगाना को 2-0 से हराया। सुनील यादव और नागेंद्र सिंह ने एक-एक गोल किया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अब्दुल अजीजी ने मुदस्सर कुरैशी को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया।

दिन के अंतिम मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 12-1 से करारी शिकस्त दी। कप्तान संदीप कुमार और सोनू निषाद ने तीन-तीन गोल किए, जबकि तरुण यादव ने दो गोल दागे।

प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हॉकी, जिला प्रशासन और क्षेत्रीय खेल कार्यालय के समन्वय से हो रहा है। बुधवार को छह मुकाबले खेले जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Powered By Sangraha 9.0