मप्रः शहडोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 735 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

13 Oct 2026 21:41:53
ट्रक से जब्त गांजा और गिरफ्तार आरोपी


- गांजा, ट्रक एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 1.13 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त

भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए की कार्रवाई के अंतर्गत मंगलवार को शहडोल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा, ट्रक एवं मोबाइल फोन सहित लगभग एक करोड़ 13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि पुलिस अधीक्षक डॉ संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जयसिंहनगर थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक एवं खलासी से पूछताछ की। संदेह के आधार पर वाहन की विधिवत तलाशी ली गई तो चालक की सीट के नीचे रखी 18 बोरियों एवं 81 पैकेटों से कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा प्राप्त हुआ, जिसे विधिवत जब्त किया गया। साथ ही ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने ट्रक चालक एवं खलासी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और नारायण मंडल (50), निवासी गिरिडीह (झारखंड) शामिल है। दोनों से गांजे के स्रोत और उसे कहां ले जाया जा रहा था, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की कीमत 73.50 लाख रुपये, ट्रक की कीमत 40 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत पांच हजार रुपये है। कुल जब्ती 1.13 करोड़ रुपये की बताई गई है। मामले में थाना जयसिंहनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के विरुद्ध सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0