पनामा में फिर डोली धरती, 6.4 तीव्रता के भूकंप से दहशत

13 Oct 2026 08:24:53
क्रिटिका ने अपनी वेबसाइट पर भूकंप प्रभावित क्षेत्र का यह मानचित्र प्रदर्शित किया।


पनामा सिटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पनामा के लोग कुछ दिन पहले आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों से उबर भी नहीं पाए कि उन्हें 6.4 मैग्नीट्यूड के ताजा आफ्टरशॉक ने फिर हिला दिया। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव फिर वेरागुआस प्रांत के सोना जिले में पड़ा। जिले के लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

पनामा के स्पेनिश भाषा के दैनिक अखबार क्रिटिका (सीआरआईटीआईसीए) की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार 12 अक्टूबर की दोपहर पनामा के लोगों को फिर भूकंप के झटकों ने डरा दिया। भूकंप के आते ही सोना जिले में बिजली गुल हो गई। इसके बाद शाम 6:20 बजे 6.4 तीव्रता का फिर भूकंप आया। इसकी गहराई 2 किलोमीटर रही। इसका सेंटर पनामा के इलाके में कोइबा आइलैंड से 29 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में रहा।

यह ताजा भू-गर्भीय हलचल लॉस सैंटोस प्रांत के टोनोसी इलाके में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता के भूकंप के ठीक तीन दिन बाद हुई है। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, ताजा भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। भारतीय समय के अनुसार, भूकंप सुबह 4 बजकर 50 मिनट 37 सेकंड पर आया। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी। फिलहाल इस ताजा भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

लॉस सैंटोस प्रांत के टोनोसी इलाके में शुक्रवार को भूकंप आने के बाद पनामा में सार्वजनिक परिवहन और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं। एहतियात के तौर पर देश की दो मेट्रो लाइनों पर सेवाएं रोक दी गई थीं। मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी कुछ समय के लिए बंद किया गया था। सबसे ज्यादा नुकसान दक्षिणी तट पर स्थित कोक्ले प्रांत में सामने आया था। राजधानी पनामा सिटी में भी कुछ नुकसान हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0