रविता इंजीनियरिंग का आईपीओ टला, अब 14 अक्टूबर को होगी इश्यू की लॉन्चिंग

13 Oct 2026 14:41:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस सेक्टर की कंपनी कंपनी रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड का आईपीओ अब 14 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। पहले यह आईपीओ आज ही लॉन्च होने वाला था, लेकिन कंपनी और मर्चेंट बैंकर्स के अंतिम समय पर टाइमलाइन में संशोधन किए जाने के कारण इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है।

बाजार एक्सपर्ट्स और रेगुलेटरी अपडेट्स के अनुसार आईपीओ की तारीखों को आगे बढ़ाने का मुख्य कारण कंपनी द्वारा अपने रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (आरएचपी) और एक्सचेंज शेड्यूलिंग में किए गए तकनीकी व प्रशासनिक संशोधन हैं। आमतौर पर जब मर्चेंट बैंकरों, स्टॉक एक्सचेंजों या रेगुलेटरी क्लीयरेंस के बीच अंतिम समय पर किसी दस्तावेजी औपचारिकता को पूरा करना होता है, तो सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए एक्सचेंज द्वारा टाइमलाइन को री-शेड्यूल कर दिया जाता है। इस एक दिन के बदलाव के कारण अब इसकी क्लोजिंग, अलॉटमेंट और लिस्टिंग की सभी तारीखें भी आगे बढ़ गई हैं।

इस संशोधन के बाद अब आईपीओ खुलने की तारीख 14 अक्टूबर तय की गई है, जबकि आईपीओ बंद होने की तारीख 16 अक्टूबर होगी। इसके बाद सफल आवेदकों के लिए शेयर अलॉटमेंट की तारीख 19 अक्टूबर रखी गई है। जिन निवेशकों को शेयर अलॉट नहीं होंगे, उनका रिफंड और सफल निवेशकों के डीमैट खाते में शेयर क्रेडिट करने की प्रक्रिया 21 अक्टूबर को पूरी की जाएगी। अंत में, शेयर बाजार में कंपनी की लिस्टिंग की तारीख 22 अक्टूबर तय की गई है। ये शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।

रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड का यह 116.05 करोड़ रुपये का बुक बिल्ड इश्यू है। इसमें पूरी तरह से नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें कोई ऑफर फॉर सेल को शामिल नहीं किया गया है। कंपनी ने इसके लिए 105 रुपये प्रति शेयर से लेकर 112 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एसएमई आईपीओ होने की वजह से इसका लॉट साइज 1,200 शेयरों का है। रिटेल इनवेस्टर्स को इसमें आवेदन करने के लिए न्यूनतम दो लॉट यानी 2,400 शेयर के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,68,800 रुपये का निवेश करना होगा।

रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज मुख्य रूप से ऑनशोर, ऑफशोर और डेटा सेंटर्स के लिए एचवीएसी सिस्टम, सेंट्रल एयर-कंडीशनिंग और कूलिंग इक्विपमेंट के इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस प्रदान करती है। आईपीओ से मिलने वाली रकम का उपयोग कंपनी अपनी दीर्घकालिक वर्किंग कैपिटल आवश्यकताओं और भारी उपकरणों की खरीद के लिए करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0