भारत-कनाडा ने प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत आगे बढ़ाने पर की चर्चा

13 Oct 2026 22:42:53
कनाडाई समकक्ष मनिंदर सिद्धू के साथ बातचीत करते पीयूष गोयल


कनाडाई समकक्ष मनिंदर सिद्धू के साथ बातचीत करते पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और कनाडा ने वस्तुओं और सेवाओं के लिए एक-दूसरे के बाजारों में अधिक पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ाने को लेकर मंगलवार को चर्चा की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उनके कनाडाई समकक्ष मनिंदर सिद्धू ने इस संबंध में नई दिल्ली में चर्चा की।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की। इसमें संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिससे बाजार तक पहुंच बढ़ेगी और व्यापार एवं निवेश के नए अवसर खुलेंगे।’’

गोयल ने कहा कि कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ एक सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि सीईपीए से द्विपक्षीय व्यापार को नयी गति मिलेगी और साझा समृद्धि के लिए दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी मजबूत होगी। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने बातचीत के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

सीईपीए एक प्रकार का मुक्त व्यापार समझौता है, जिसके तहत दो व्यापारिक साझेदार देशों के बीच कारोबार होने वाली अधिकांश वस्तुओं पर आयात शुल्क में उल्लेखनीय कमी करते हैं या उन्हें समाप्त करते हैं। इसके अलावा, सेवाओं के व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए नियमों को भी आसान बनाया जाता है।

भारत और कनाडा के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के बीच हुई यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देश के मुख्य वार्ताकारों ने इस समझौते पर बातचीत के पांचवें दौर का समापन 9 अक्टूबर को कनाडा में किया था। दोनों पक्षों का लक्ष्य इस साल के अंत तक बातचीत पूरी करना है।

उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार 8.23 फीसदी घटकर 7.95 अरब डॉलर रह गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 8.7 अरब डॉलर रहा था।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0