राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को बस्तर दशहरा में होंगी शामिल, मुरिया दरबार में शिरकत का कार्यक्रम प्रस्तावित

14 Oct 2026 14:39:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू


जगदलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राष्ट्रपति का 22 से 23 अक्टूबर 2026 तक रायपुर और जगदलपुर का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान 23 अक्टूबर को जगदलपुर में उनके बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने और ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शिरकत करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह आयोजन लालबाग ग्राउंड में होगा।

राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर प्रदेश प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को प्रवास के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और सड़क मार्ग से आवागमन सुगम बनाने की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।

बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं सांसद महेश कश्यप ने मां दंतेश्वरी और मावली माता से बस्तर दशहरा के निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की है। उन्होंने बस्तर, छत्तीसगढ़ और देशभर के लोगों से इस अनूठे सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने की अपील की।

महेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण विधान मुरिया दरबार में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित होने से इस वर्ष आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने इसे बस्तर के लिए गर्व का विषय बताते हुए राष्ट्रपति के स्वागत और अभिनंदन की बात कही।--------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Powered By Sangraha 9.0