
-2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर
काशीपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने बुधवार को पार्टी के विधानसभा विस्तारकों और प्रभारियों से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल जीत हासिल करने का माध्यम नहीं बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर भी है। इसके लिए जनता का विश्वास दोबारा हासिल करना जरूरी है।
काशीपुर में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी कार्यशाला के दूसरे दिन बुधवार को बीएल संतोष ने संबोधित कर रहे थे। दाे दिवसीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज,प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न सत्रों में मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती, क्षेत्रवार राजनीति और सामाजिक समीकरणों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।
बीएल संतोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना होगा। उन्होंने विस्तारकों एवं प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
प्रदेश प्रभारी राममाधव ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के कार्यों के अनुरूप 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को प्रभावी बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा विस्तारकों और प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर पार्टी का संदेश घर-घर तक पहुंचाना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने भी चुनावी तैयारियों तथा संगठन की निर्धारित रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कार्यों की जानकारी दी। कार्यशाला में बूथ समितियों के साथ समन्वय, संगठनात्मक कार्यक्रमों के संचालन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज विधानसभा प्रभारी वर्ग एवं विस्तारक योजना वर्ग के समापन सत्र में में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के मद्देनजर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, बूथ स्तर पर संपर्क और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यशाला में विधानसभा प्रभारियों एवं विस्तारकों को संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला के बाद पूर्णकालिक विस्तारक अपने निर्धारित कार्यक्षेत्रों में प्रवास के लिए रवाना होंगे। वे विधानसभा प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव तक संबंधित क्षेत्रों में रहेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे।------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय