पाकिस्तान के बलूचिस्तान में तीन जगहों पर सैन्य काफिले पर हमला

15 Oct 2026 16:39:53

बलूचिस्तान, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार और बुधवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में सैन्य काफिलों को निशाना बनाए जाने की खबर है। हरनाई जिले में एक सैन्य वाहन पर किए गए बम हमले में 13 सैन्यकर्मी मारे गए या घायल हुए हैं। वहीं, खुजदार और सुराब जिलों में सैन्य काफिलों तथा वाणिज्यिक वाहनों पर भी हमले किए गए। हालांकि, इन घटनाओं में हताहतों की संख्या और नुकसान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी हरनाई में हुई घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।

द बलूचिस्तान पोस्ट ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार को हरनाई जिले के शहराग इलाके में साजो के पास एक सैन्य वाहन को निशाना बनाकर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से विस्फोट किया गया। बताया गया है कि विस्फोट में सैन्य वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया।

सूत्रों ने दावा किया कि इस घटना में 13 सैन्यकर्मी मारे गए या घायल हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की अलग-अलग संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से भी घटना को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

बुधवार को बलूचिस्तान के खुजदार जिले में क्वेटा-कराची व्यापार मार्ग पर सांबा पुल के पास हथियारबंद हमलावरों ने वाणिज्यिक वाहनों के एक काफिले को निशाना बनाया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस काफिले के साथ पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। हमलावरों ने कथित तौर पर ईंधन टैंकरों, कंटेनर ट्रकों और अन्य वाहनों पर रॉकेट तथा दूसरे हथियारों से हमला किया। इलाके में काफी देर तक गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं।

सूत्रों ने दावा किया कि हमले में कुछ वाणिज्यिक वाहन नष्ट हो गए और पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, नुकसान की वास्तविक सीमा और हताहतों की संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी। इसके अलावा एक अन्य घटना में बुधवार को सुराब जिले के हाजीका इलाके में पाकिस्तानी सैन्य काफिले पर हमला किया गया।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने पहले विस्फोट के जरिए एक सैन्य वाहन को निशाना बनाया और फिर काफिले पर सशस्त्र हमला किया। घटना में किसी के मारे जाने या घायल होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई। नुकसान का आकलन भी सामने नहीं आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0