पूर्व राष्ट्रपति डॉ कलाम काे ओम बिरला, राजनाथ सिंह व अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

15 Oct 2026 11:41:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने विज्ञान, रक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन, विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर डॉ. कलाम को याद करते हुए कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों, राष्ट्र के प्रति समर्पण, सादगीपूर्ण जीवन और युवाओं में अटूट विश्वास ने उन्हें देशवासियों के हृदय में विशेष स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम उन विरले राष्ट्रनिर्माताओं में शामिल थे, जिन्होंने प्रयोगशाला से लेकर राष्ट्रपति भवन तक अपना जीवन देश की प्रगति और जनकल्याण के लिए समर्पित किया।

बिरला ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन इस बात का प्रमाण है कि परिस्थितियां किसी व्यक्ति के सपनों की सीमा तय नहीं करतीं। दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और सीखने की ललक से नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरिक्ष और मिसाइल कार्यक्रमों में डॉ. कलाम का योगदान ऐतिहासिक रहा। उनके अनुसार, शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या रोजगार हासिल करना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों और समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना भी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में डॉ. कलाम का योगदान अविस्मरणीय है। विकसित भारत का उनका दृष्टिकोण और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास तथा राष्ट्र निर्माण का संकल्प जगाने का प्रयास सदैव प्रेरणा देता रहेगा।उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के सर्वोच्च पद पर पहुंचने के बाद भी डॉ. कलाम की सादगी और सहजता बरकरार रही। बच्चों और युवाओं के बीच रहना, उनसे संवाद करना और उन्हें प्रोत्साहित करना उनके व्यक्तित्व की ऐसी विशेषताएं थीं, जिन्होंने उन्हें लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डॉ. कलाम को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी असाधारण वैज्ञानिक प्रतिभा को भारत को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक शक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रपति के रूप में डॉ. कलाम ने सर्वोच्च लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखा। ‘भारत के मिसाइल मैन’ के रूप में पहचाने जाने वाले डॉ. कलाम युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने वाले आदर्श बने रहेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि डॉ. कलाम ज्ञान और कर्मठता के प्रतीक थे। भारत को सामर्थ्यशाली बनाने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रक्षा और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने में डॉ. कलाम का योगदान अभूतपूर्व रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के अमूल्य विचार और आदर्श जीवन युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रेरित करेंगे।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश के विकास और युवाओं के उत्थान में उनका अमूल्य योगदान हमेशा सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘भारत के मिसाइल मैन’ के रूप में याद किए जाने वाले डॉ. कलाम का विज्ञान, तकनीक और राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान आज भी पीढ़ियों को बड़े सपने देखने, उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने और पूरी लगन से देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0