रेमो डिसूजा की डांस यूनिवर्स में राघव जुयाल की वापसी, मुख्य भूमिका में आएंगे नजर

15 Oct 2026 15:18:53
राघव जुयाल - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता और डांसर राघव जुयाल एक बार फिर निर्देशक रेमो डिसूजा की डांस फिल्मों की दुनिया में लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म 'एनी बॉडी कैन ड्रीम' की शूटिंग शुरू हो गई है। खास बात यह है कि इस बार राघव फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इससे पहले वह वरुण धवन और श्रद्धा कपूर अभिनीत फिल्म 'एबीसीडी 2' का हिस्सा रह चुके हैं। अब एक दशक से अधिक समय बाद उसी फ्रेंचाइजी की दुनिया में मुख्य अभिनेता के रूप में वापसी उनके लिए खास है।

राघव ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म से जुड़ी खुशी शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 12-13 साल पहले ही इस पल का सपना देखा था। उन्होंने फिल्म को अपने करियर की सबसे अहम फिल्मों में से एक बताते हुए कहा कि कभी जिस फ्रेंचाइजी में वह पीछे खड़े होकर सब कुछ देखा करते थे, आज उसी में मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला है। राघव के मुताबिक, यह उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

अभिनेता ने यह भी संकेत दिया कि वह इस फिल्म में अपना पूरा दम लगाने वाले हैं। उनका लक्ष्य डांस के जरिए ऐसा प्रदर्शन करना है, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा होगा। 'जिंदगी जिंदाबाद' के संदेश के साथ उन्होंने अपने इस सफर के प्रति आभार जताया। राघव की इस वापसी को उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि जिस डांस की दुनिया ने उन्हें पहचान दिलाने में भूमिका निभाई, अब उसी की कहानी में वह मुख्य किरदार के रूप में नजर आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0