लखनऊ में बाढ़ पीड़ितों से मिले राजनाथ सिंह, कहा- संकट के समय हम आपके साथ

15 Oct 2026 20:02:53
लखनऊ बाढ़ पीड़ितों के बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह


राजनाथ सिंह को बाढ़ की जानकारी देते जिलाधिकारी विशाख जी


राजनाथ सिंह का स्वागत करते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 15 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुवार को फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। इस अवसर पर सिंह ने कहा कि संकट के समय हम सभी आपके साथ खड़े हैं। हिम्मत व साहस से काम लीजिए। आपने बड़ी से बड़ी चुनौतियां का आपने सामना किया होगा। प्राकृतिक संकट की चुनौती सबसे बड़ी चुनौती है, लेकिन इसका सामना करने में आप लोग कामयाब होंगे, हम सब आपके साथ खड़े हैं।

इससे पहले राजनाथ सिंह के आज लखनऊ पहुंचने पर चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सिंह का काफिला सीधे फैजुल्लागंज के लिए निकला।

राजनाथ सिंह ने एक हजार परिवारों को राहत सामाग्री बांटी। उन्होंने कहा कि 10 हजार पैकेट बनाकर फैजुल्लागंज क्षेत्र में बांटे जाएंंगे। विधायक डा.नीरज बोरा उसके वितरण की व्यवस्था कराएंगे। राजनाथ सिंह ने अक्षय पात्र के लोगों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

गोमती नदी में आयी बाढ़ से फैजुल्लागंज के निवासी सर्वाधिक प्रभावित हैं। इसलिए राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचते ही सबसे पहले फैजुल्लागंज पहुंचे। उन्होंने राहत कैंप का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सिंह को बाढ़ ग्रस्त इलाके के बारे में पूरी जानकारी दी।

राजनाथ सिंह के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डा.नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा व महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहे।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0