करिश्मा कपूर के कपड़ों पर सलमान खान ने जताई थी नाराजगी, सामने आया पुराना किस्सा

15 Oct 2026 12:19:53
करिश्मा कपूर, सलमान खान - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता सलमान खान और करिश्मा कपूर ने 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन के पहले एपिसोड में फिल्मी दुनिया से जुड़े कई पुराने किस्से शेयर किए। इस दौरान दोनों ने साल 2000 में आई फिल्म 'दुल्हन हम ले जाएंगे' की शूटिंग से जुड़ी एक घटना भी याद की। करिश्मा ने बताया कि फिल्म के सेट पर उनके पहनावे को लेकर सलमान उनसे नाराज हो गए थे और उन्होंने कपड़े बदलने के लिए भी कहा था।

करिश्मा के मुताबिक, वह फिल्म में अपने लुक और फैशन को लेकर काफी उत्साहित थीं, लेकिन सलमान को उनका एक खास पहनावा पसंद नहीं आया। अभिनेत्री ने बताया कि दोनों के बीच इस बात को लेकर अक्सर नोकझोंक होती थी। जब करण जौहर ने पूछा कि क्या सलमान को उनके कपड़ों के ज्यादा फिट होने से परेशानी थी, तो करिश्मा ने कहा कि पोशाक काफी खुली और शरीर से चिपकी हुई थी। इस पर सलमान ने बताया कि डांस के दौरान उनकी छोटी स्कर्ट ऊपर खिसक जाती थी और कपड़ा भी काफी पतला व पारदर्शी था, जिससे वह असहज महसूस कर रहे थे।

बातचीत के दौरान करिश्मा ने सलमान से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि वह अभिनेता की बड़ी प्रशंसक थीं। सलमान ने उस समय उनके काम की तारीफ कर उनका हौसला बढ़ाया था और उन्हें चॉकलेट भी दी थी। यहीं से दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई। बाद में दोनों ने 'अंदाज अपना अपना' और 'बीवी नंबर 1' सहित कई फिल्मों में साथ काम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0