अराजकता फैलाकर किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना विपक्ष का उद्देश्यः नितिन नवीन

युगवार्ता    16-Oct-2026
Total Views |
Nitin Naveen will reach Bhubaneswar this evening


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान चला रहे विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनका असली उद्देश्य देश में अराजकता फैलाकर किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है।

नितिन नवीन ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में कहा कि विपक्ष की लड़ाई चुनाव सुधार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) या देश के युवाओं के भविष्य के लिए नहीं है। विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य देश में अराजकता फैलाकर किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है।

उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने का रास्ता जनता के जनादेश से होकर गुजरता है, न कि अराजकता के जरिए। देश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

नितिन नवीन ने वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के ‘रेजीम चेंज’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा विपक्ष के असली एजेंडे को उजागर करता है। उन्होंने दावा किया कि विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने का यह प्रयास ‘अर्बन नक्सल’ के एजेंडे का हिस्सा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की राष्ट्रभक्त जनता और भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Tags