सीएम साइंस कॉलेज में टेबल टेनिस खिलाड़ियों का चयन ट्रायल, बनेगी विश्वविद्यालय की टीम

16 Oct 2026 19:42:53
दरभंगा:सीएम साइंस कॉलेज के कामेश्वर भवन में विश्वविद्यालय की पुरुष एवं महिला टेबल टेनिस टीम के गठन के लिए आयोजित चयन ट्रायल में शामिल खिलाड़ी एवं चयन समिति के सदस्य।


दरभंगा, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) के लिए खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से शुक्रवार को सीएम साइंस कॉलेज के कामेश्वर भवन में ट्रायल आयोजित किया गया। इसके आधार पर सत्र 2026-27 के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की पुरुष एवं महिला टेबल टेनिस टीम का गठन किया जाएगा।

चयन समिति में महाविद्यालय के क्रीड़ा पदाधिकारी सह आयोजन सचिव डॉ. आदित्य नाथ मिश्रा, एमएलएसएम कॉलेज के सेवानिवृत्त पीटीआई डॉ. विजय शंकर झा तथा विश्वविद्यालय के खेल एवं संस्कृति विभाग के सेवानिवृत्त खेल सहायक चंद्रकांत झा शामिल रहे। समिति के सदस्यों ने ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया।

इस अवसर पर डॉ. आदित्य नाथ मिश्रा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए खुद को तैयार करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के बर्सर डॉ. यूके दास सहित डॉ. एसके चौधरी, डॉ. वी.डी. त्रिपाठी, डॉ. रश्मि रेखा, डॉ. रवि रंजन, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. युगेश्वर साह, डॉ. अवध बिहारी यादव, डॉ. सत्येंद्र कुमार झा, डॉ. ऋचा कुमारी और डॉ. ओसैद आलम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में श्री कुमार राजर्षि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Powered By Sangraha 9.0