भारत खनन सप्ताह का आयोजन अब अगले साल 24-26 फरवरी को यशोभूमि में होगा

16 Oct 2026 19:39:53
खनन सप्ताह का जारी लोगो का प्रतीकरत्मक चित्र


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारत खनन सप्ताह का आयोजन अब 24–26 फरवरी, 2027 को नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। पहले यह 15–17 नवंबर को आयोजित होना था। इसके सभी पंजीकरण, प्रदर्शनी बुकिंग और प्रायोजन संबंधी व्यवस्थाएं नई तारीखों के अनुसार समायोजित की जाएंगी।

कोयला मंत्रालय के मुतातिब यह निर्णय उद्योग जगत के साझेदारों, प्रदर्शकों, वक्ताओं और सरकारी हितधारकों के साथ परामर्श के बाद लिया गया है। कार्यक्रम स्थल, कार्यक्रम के विषय और प्रारूप में कोई बदलाव नहीं होगा, जब तक कि अन्यथा घोषणा न की जाए। कोयला मंत्रालय ने बताया कि जो प्रतिनिधि और प्रदर्शक नई तिथियों पर उपस्थित नहीं हो सकते, वे विकल्पों पर चर्चा करने के लिए भारत खनन सप्ताह टीम से संपर्क कर सकते हैं। कोयला मंत्रालय ने कहा कि अद्यतन कार्यक्रम, वक्ताओं की घोषणाएं और अन्य विवरण भी भारत खनन सप्ताह की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक चैनलों के माध्यम से साझा किए जाएंगे।

भारत खनन सप्ताह खनन कंपनियों, उपकरण और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, नीति निर्माताओं, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को देश के खनन क्षेत्र के भविष्य पर चर्चा करने के लिए एक साथ लायेगा। यह प्रमुख खनन कार्यक्रम अपनी प्रदर्शनी, सम्मेलन और व्यावसायिक नेटवर्किंग सत्रों के माध्यम से खनन मूल्य श्रृंखला में नई प्रौद्योगिकियों, प्रगतिशील विधियों और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0