ओपन 10 किमी दौड़ अब सुबह 7:35 बजे होगी शुरू
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण से पहले आयोजकों ने दौड़ के मार्ग में मामूली बदलाव किया है। रविवार, 18 अक्टूबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में 41 हजार से अधिक धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इस वर्ष सभी दौड़ों की शुरुआत और समापन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में शामिल इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रोकेम इंटरनेशनल कर रहा है। आयोजकों के अनुसार, हाफ मैराथन के मार्ग में 10 से 13 किलोमीटर के बीच बदलाव किया गया है। इसके अलावा, ओपन 10 किलोमीटर दौड़ और दिव्यांग खिलाड़ियों तथा वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ के शुरुआती समय में भी संशोधन किया गया है।
हाफ मैराथन के मार्ग में कहां हुआ बदलाव?
नए मार्ग के अनुसार, कर्तव्य पथ से धावक बाएं मुड़कर सेवा तीर्थ सर्किल की ओर जाएंगे। इसके बाद वे मौलाना आजाद रोड पर बाएं मुड़ेंगे और यू-टर्न लेकर सेवा तीर्थ सर्किल के आसपास से होते हुए रफी मार्ग की ओर बढ़ेंगे। यहां से दाएं मुड़कर वे फिर कर्तव्य पथ पर लौट आएंगे।
पहले के मार्ग में धावक कर्तव्य पथ से दाएं मुड़कर रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक की ओर जाते थे। इस बार इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
ओपन 10 किमी दौड़ अब सुबह 7:35 बजे
इस वर्ष संसद मार्ग से किसी भी दौड़ की शुरुआत नहीं होगी। ओपन 10 किलोमीटर दौड़ अब जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से सुबह 7:35 बजे शुरू होगी। पहले इसके लिए सुबह 7:30 बजे का समय निर्धारित किया गया था।
दिव्यांग खिलाड़ियों और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ भी अब सुबह 7 बजे के बजाय 6:30 बजे शुरू होगी। हालांकि, ग्रेट दिल्ली रन के मार्ग और उसके शुरुआती समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली हाफ मैराथन का संशोधित कार्यक्रम
* सुबह 5:18 बजे: हाफ मैराथन, एलीट पुरुष
* सुबह 5:20 बजे: हाफ मैराथन, एलीट महिला
* सुबह 5:30 बजे: हाफ मैराथन और पुलिस कप
* सुबह 6:30 बजे: दिव्यांग खिलाड़ियों और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़
* सुबह 7:35 बजे: ओपन 10 किलोमीटर दौड़
* सुबह 9:00 बजे: कॉरपोरेट दौड़
* सुबह 9:05 बजे: ग्रेट दिल्ली रन
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे