भारतीय क्रिकेटर आदित्य तारे को भरोसा,आर्सेनल लगातार दूसरी बार जीतेगा प्रीमियर लीग खिताब

16 Oct 2026 10:42:53
इंग्लिश प्रीमियर लीग ट्रॉफी के साथ आदित्य तारे


मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। इंग्लिश प्रीमियर लीग में आर्सेनल की खिताबी सफलता के बाद भारतीय क्रिकेटर और आर्सेनल के पुराने प्रशंसक आदित्य तारे का मानना है कि टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीत सकती है। तारे ने कहा कि मैनचेस्टर सिटी के दबदबे के दौर में आर्सेनल का समर्थन करने वाले प्रशंसकों के लिए ट्रॉफी जीतने के बाद अब अपनी टीम की उपलब्धियों पर गर्व करने और प्रतिद्वंद्वी प्रशंसकों के साथ हंसी-मजाक करने का मौका है।

जियोस्टार को दिए साक्षात्कार में आदित्य तारे ने मुंबई में जारी प्रीमियर लीग ट्रॉफी टूर के दौरान ट्रॉफी को करीब से देखने के अनुभव को अपने लिए सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने आर्सेनल के साथ अपने पुराने जुड़ाव, मैनचेस्टर सिटी के प्रशंसक और साथी क्रिकेट विशेषज्ञ अभिषेक नायर के साथ होने वाली नोकझोंक तथा टीम के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

तारे ने कहा कि वह बचपन से आर्सेनल का समर्थन करते आ रहे हैं। उन्होंने 2003-04 के उस ऐतिहासिक सत्र को भी याद किया, जब आर्सेनल ने बिना कोई मुकाबला गंवाए प्रीमियर लीग का खिताब जीता था। उस टीम को ‘इनविंसिबल्स’ के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने कहा, “बचपन से आर्सेनल का प्रशंसक होने के कारण इस ट्रॉफी के पास खड़ा होना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। 2003-04 में टीम ने बिना कोई मैच हारे खिताब जीता था। उसके बाद अगले खिताब के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। कई बार टीम खिताब के बेहद करीब पहुंची, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार खिताब जीतने के बाद बहुत राहत मिली। अब 22 साल बाद ट्रॉफी को सामने देखना और यह महसूस करना कि इसका क्लब तथा प्रशंसकों के लिए कितना महत्व है, बेहद खास अनुभव है। मुझे अपनी टीम पर गर्व है।”

मैनचेस्टर सिटी के प्रशंसकों से मुकाबले पर बोले तारे

मैनचेस्टर सिटी के प्रशंसक अभिषेक नायर के साथ अपनी दोस्ताना प्रतिद्वंद्विता के बारे में तारे ने कहा कि मुंबई के क्रिकेट ड्रेसिंग रूम में इस मुद्दे पर लंबे समय से मजाक और बहस होती रही है। वहां मैनचेस्टर यूनाइटेड के भी कई समर्थक हैं, जबकि नायर शुरुआत से ही मैनचेस्टर सिटी का समर्थन करते रहे हैं।

तारे ने कहा, “जब हमारी टीम खिताब नहीं जीत पा रही थी और मैनचेस्टर सिटी का दबदबा था, तब हमेशा बचाव की मुद्रा में रहना मुश्किल होता था। लेकिन पिछले सत्र में खिताब जीतने के बाद अब आर्सेनल और उसके प्रशंसकों के पास अपनी उपलब्धि पर गर्व करने और अपनी बात रखने का मौका है।”

हालांकि, उन्होंने मैनचेस्टर सिटी को शानदार क्लब बताते हुए कहा कि खिताब की दौड़ में शामिल किसी भी टीम पर वह लगातार दबाव बनाता है। तारे के मुताबिक, इस सत्र में भी खिताबी मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि आर्सेनल लगातार दूसरी बार चैंपियन बन सकता है।

कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड की नेतृत्व क्षमता की तारीफ

आर्सेनल के कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड की तारीफ करते हुए तारे ने कहा कि वह मैदान के अंदर और बाहर अपने व्यवहार से सम्मान हासिल करते हैं। एक आक्रामक मिडफील्डर के रूप में उनकी भूमिका के साथ-साथ रक्षात्मक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी शानदार है।

उन्होंने कहा कि ओडेगार्ड अपने प्रदर्शन और मैदान पर मेहनत के जरिए टीम का नेतृत्व करते हैं। तारे के अनुसार, वह उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अपनी बातों से ज्यादा अपने कार्यों से उदाहरण पेश करते हैं।

अंडरडॉग टीम के रूप में आर्सेनल को चुना था

तारे ने बताया कि आर्सेनल के प्रति उनका लगाव 1990 के दशक के आखिर में शुरू हुआ। उस समय वह स्कूल में फुटबॉल खेलते थे और प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड का दबदबा था, जबकि आर्सेनल अक्सर अंक तालिका में दूसरे या तीसरे स्थान पर रहता था।

उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा उन टीमों का समर्थन करना पसंद था जिन्हें लोग कमजोर मानते थे। मेरे स्कूल के लगभग सभी दोस्त मैनचेस्टर यूनाइटेड के प्रशंसक थे, लेकिन मैंने आर्सेनल को चुना। 1997-98 के सत्र में टीम ने प्रीमियर लीग का खिताब जीता। थिएरी हेनरी और पैट्रिक विएरा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों तथा मैनेजर आर्सेन वेंगर के नेतृत्व में टीम जिस तरह फुटबॉल खेलती थी, वह बेहद खास था।”

तारे ने कहा कि वेंगर के फुटबॉल खेलने के अंदाज को ‘वेंगरबॉल’ कहा जाता था। टीम का आकर्षक और आक्रामक खेल ही वह वजह बना, जिसने उन्हें आर्सेनल का प्रशंसक बना दिया।

भारतीय प्रशंसकों को लगातार सफलता की उम्मीद

भारत में आर्सेनल के प्रशंसकों को संदेश देते हुए तारे ने कहा कि 22 साल तक प्रीमियर लीग ट्रॉफी का इंतजार करने के बाद टीम की सफलता प्रशंसकों के धैर्य का इनाम है। उनका मानना है कि एक बार खिताब जीतने के बाद टीम में लगातार चैंपियन बनने का विश्वास पैदा होता है।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके तारे ने लगातार दो खिताब जीतने को विशेष उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि हर टीम को लगातार चैंपियन बनने का अवसर नहीं मिलता, लेकिन आर्सेनल के पास आने वाले वर्षों में प्रीमियर लीग में अपना दबदबा कायम करने की क्षमता है।

तारे ने मैनेजर मिकेल आर्टेटा की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि टीम में लगातार सफलता हासिल करने के लिए जरूरी सभी गुण मौजूद हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में आर्सेनल के प्रशंसकों के लिए कई और खुशी के मौके आएंगे।

नॉटिंघम फॉरेस्ट बनाम आर्सेनल का प्रीमियर लीग मुकाबला रविवार, 18 अक्टूबर को रात 9 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर सीधा प्रसारित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0