एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली प्रणवी उर्स को अनुराग ठाकुर ने एक करोड़ रुपये का चेक देकर किया सम्मानित

16 Oct 2026 19:51:53
बाएं से दाएं: उत्तम सिंह मुंडी सीईओ आईजीपीएल, राज खन्ना अध्यक्ष दिल्ली गोल्फ क्लब, अनुराग ठाकुर, प्रणवी उर्स, टेनिस लीजेंड लिएंडर पेस, मानव जैनी निदेशक भरत गोल्फ प्राइवेट लिमिटेड


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला गोल्फर प्रणवी उर्स को शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने एक करोड़ रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।

दिल्ली गोल्फ क्लब में आयोजित डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के दौरान यह सम्मान समारोह हुआ। एएम ग्रीन आईजीपीएल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रणवी को जापान में एशियाई खेलों में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिल्ली गोल्फ क्लब के अध्यक्ष राज खन्ना, आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी, भारत गोल्फ प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मानव जैनी और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रणवी ने भारतीय गोल्फ को वह उपलब्धि दिलाई है, जिसका लंबे समय से इंतजार था। उन्होंने कहा, “यहां दिल्ली में डीपी वर्ल्ड टूर की प्रतियोगिता के दौरान, इस खेल को पसंद करने वाले प्रशंसकों के सामने प्रणवी को सम्मानित करना उचित लगा। आज गोल्फ क्लब उठाने वाली लड़कियों के सामने एशियाई खेलों की एक चैंपियन प्रेरणा के रूप में मौजूद है।”

प्रणवी ने सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि वह इस अवसर के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा, “शीर्ष पुरुष पेशेवर खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने और उन्हें फिर से हराने का अवसर मिलना मुझे प्रेरित करता है।” उन्होंने कहा, “अपने देश में सम्मानित होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है, खासकर ऐसे टूर्नामेंट में जहां इस सप्ताह दुनिया के कई सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेल रहे हैं। पिछले दो सप्ताह काफी तेजी से बीते हैं। यहां आने के लिए मैं अनुराग ठाकुर जी और इस कार्यक्रम को संभव बनाने के लिए एएम ग्रीन आईजीपीएल की आभारी हूं।”

प्रणवी ने कहा, “यह पदक उन सभी लोगों का है, जिन्होंने मेरे खेल शुरू करने के समय से मेरा साथ दिया है। मुझे उम्मीद है कि इससे भारत की अधिक लड़कियां गोल्फ खेलने के लिए प्रेरित होंगी।”

एशियाई खेलों में रचा इतिहास

प्रणवी ने तीन अक्टूबर को जापान में आयोजित एशियाई खेलों में महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं। फाइनल दौर की शुरुआत उन्होंने तीन शॉट की बढ़त के साथ की थी, लेकिन तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के कारण उनकी बढ़त समाप्त हो गई। इसके बाद 23 वर्षीय प्रणवी ने शानदार वापसी करते हुए तीन बर्डी लगाईं और 15 अंडर 265 के स्कोर के साथ खिताब अपने नाम किया।

उन्होंने चीन की यिन रुओनिंग और सिंगापुर की शैनन टैन को एक शॉट से पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक जीता। यिन रुओनिंग एलपीजीए टूर पर छह खिताब जीत चुकी हैं। प्रणवी की इस जीत के साथ एशियाई खेलों में भारत का व्यक्तिगत गोल्फ स्वर्ण पदक का 24 साल का इंतजार समाप्त हुआ। इससे पहले वर्ष 2002 में बुसान एशियाई खेलों में शिव कपूर ने पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। प्रणवी ने महिला टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस स्पर्धा में उनके साथ अदिति अशोक और दीक्षा डागर शामिल थीं।

भारतीय गोल्फ के लिए बड़ी उपलब्धि

एएम ग्रीन आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी ने कहा कि प्रणवी की उपलब्धि को देश के प्रमुख गोल्फ आयोजनों में सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय गोल्फ लंबे समय से इस तरह की सफलता की प्रतीक्षा कर रहा था और डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप जैसे बड़े मंच पर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाना गर्व की बात है।

मुंडी ने यह भी कहा कि प्रणवी पिछले वर्ष मुंबई में आयोजित आईजीपीएल इनविटेशनल में मिश्रित पेशेवर प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। अब एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर भारतीय गोल्फ में इतिहास रचा है।

एएम ग्रीन आईजीपीएल फ्रेंचाइजी आधारित पेशेवर गोल्फ लीग और टूर है। यह भारतीय गोल्फ संघ, भारतीय महिला गोल्फ संघ, भारतीय पेशेवर गोल्फर संघ, द गोल्फ फाउंडेशन और स्पेशल ओलंपिक्स भारत के साथ मिलकर काम करता है। लीग का उद्देश्य गोल्फ को अधिक लोगों तक पहुंचाना, अकादमियों और गोल्फ ऑन व्हील्स कार्यक्रम के माध्यम से खेल की पहुंच बढ़ाना तथा भारत में गोल्फ संस्कृति को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0