बाजार में लौटी रौनक, लगातार दूसरे दिन बढ़ा सेंसेक्स, निफ्टी 23,100 के पार

16 Oct 2026 17:21:53
प्रतीकात्मक


- आईटी और बैंकिंग सेक्टर में हुई खरीदारी से निवेशकों की झोली में आए 82,560 करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। वैल्यू बाइंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार लिवाली के दम पर शुरुआती गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजार आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शानदार बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत बढ़त के सात हरे निशान में हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लुढ़क कर लाल निशान में पहुंच गए। हालांकि पहले बीस मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे दोनों सूचकांक निचले स्तर से जबरदस्त रिकवरी करने में सफल रहे।

खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 765 अंक से अधिक ऊपर चढ़ गया। इसी तरह निफ्टी भी निचले स्तर से 235 अंक से अधिक की छलांग लगा कर करीब तीन सप्ताह बाद एक बार फिर 23,100 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार बंद होने में कामयाब रहा। पूरे दिन के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.56 प्रतिशत और निफ्टी 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। बाजार में आज आई इस रौनक की वजह से शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में लगभग 82 हजार करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हो गया।

बीएसई का सेंसेक्स आज 25.47 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,341.08 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में मुनाफावसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से बिकवाली का दबाव बढ़ गया। लगातार हो रही बिकवाली के दबाव की वजह से यह सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त खोकर कुछ ही देर में लाल निशान में गिर गया। कमजोरी के इस दौर में सेंसेक्स 302.62 अंक यानी 0.41 प्रतिशत टूट कर 74,012.99 अंक के निचले स्तर तक फिसल गया। हालांकि यह गिरावट ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।

पहले आधे घंटे के कारोबार में ही खरीदारों ने निचले स्तर पर लिवाली का ऐसा जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स ने न केवल अपनी पूरी गिरावट की भरपाई कर ली, बल्कि दिन के निचले स्तर से 765.79 अंक की शानदार छलांग लगाने में भी सफल रहा। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक 463.17 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,778.78 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली बिकवाली की वजह से सेंसेक्स दिन के अपने ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल कर 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,729.27 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 67.75 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,065.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवालों के हावी होने से निफ्टी भी अपनी बढ़त गंवाकर कुछ ही देर में लाल निशान में पहुंच गया। लगातार हो रही शेयरों की बिक्री के कारण ये सूचकांक ओपनिंग लेवल से 151.30 अंक फिसल कर 83.55 अंक की कमजोरी के साथ 22,913.80 अंक के निचले स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार को आईटी और हैवीवेट बैंकिंग शेयरों का मजबूत सहारा मिला, जिससे निफ्टी तेज रिकवरी करने में सफल रहा।

बाजार में लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से पहले घंटे का कारोबार होने के कुछ देर बाद ही ये सूचकांक दिन के निचले स्तर से 236.05 अंक उछल कर 152.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,149.85 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे खिसक कर 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,146.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की लगातार खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 3.92 प्रतिशत की जबरदस्त मजबूती हासिल करने में सफल रहा। इसी तरह मेटल सेक्टर के शेयरों की भी चौतरफा मांग बनी रही, जिसके कारण निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत मजबूत होकर बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर भी आज शानदार वापसी करने में सफल रहा, जहां शुरुआती गिरावट से उबरते हुए निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.67 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ।

दूसरी ओर, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में आज लगातार मुनाफावसूली का रुख बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी का एफएमसीजी इंडेक्स 0.39 प्रतिशत और फार्मा इंडेक्स 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो आज वहां शुरुआती रिकवरी टिक नहीं सकी और अंत में मुनाफावसूली के दबाव में निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई इस शानदार तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े 82 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़कर 4,72,66,122.04 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि इसके ठीक एक कारोबारी दिन पहले यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,71,83,561.46 करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों की कुल पूंजी में आज के कारोबार से करीब 82,560.57 करोड़ रुपये का मुनाफा जुड़ गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में कुल 4,616 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग देखने को मिली। इनमें से 2,404 शेयर बढ़त बनाने में कामयाब रहे और हरे निशान में बंद हुए, जबकि 1,962 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 250 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट स्तर पर बंद हुए। एनएसई में आज 3,239 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,894 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,345 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 18 शेयर बढ़त के साथ और 12 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बाजार में दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद आज कुल 126 शेयर अपने एक साल के ऊपरी स्तर (52-वीक हाई) पर पहुंच गए, जबकि 127 शेयर अपने एक साल के निचले स्तर (52 वीक लो) पर आ गए। आज के कारोबार के दौरान 8 शेयरों में जबरदस्त खरीदारी के कारण अपर सर्किट लग गया, जबकि जोरदार बिकवाली की वजह से 40 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 8.48 प्रतिशत, टीसीएस 4.89 प्रतिशत, इन्फोसिस 4.61 प्रतिशत, भारती एयरटेल 2.75 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, त्योहारी सीजन में एयरफेयर रेगुलेशन की खबरों के बीच इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 1.91 प्रतिशत, बीएसई लिमिटेड 1.90 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.40 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.27 प्रतिशत और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज 1.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0