आडवाणी से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे नड्डा, जाना हालचाल

17 Oct 2026 13:14:53

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को यहां अपोलो अस्पताल पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का हालचाल जाना। नड्डा ने चिकित्सकों से भी आडवाणी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।आडवाणी का हालत फिलहाल स्थिर है।

अपोलो अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी ने स्वास्थ्य मंत्री नड्डा के अस्पताल पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आडवाणी से मुलाकात के बाद नड्डा ने उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अनुसार उन्हें आईसीयू में रखा गया है और न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि आडवाणी की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उन्हें शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे अस्पताल लाया गया था।

उल्लेखनीय है कि 98 वर्षीय आडवाणी से कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की थी। सात अक्टूबर को हुई इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनका आशीर्वाद लिया था। ----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0