केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह सलकनपुर पहुंचे, धर्मपत्नी के साथ किए मां विजयासन के दर्शन

17 Oct 2026 23:47:53
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह सलकनपुर धाम में माता रानी की आरती करते हुए


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह सलकनपुर धाम में माता रानी की आरती करते हुए


- देश की खुशहाली की कामना की

भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार देर शाम अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ सीहोर जिले के सलकनपुर स्थित मां विजयासन धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से माता रानी के दर्शन कर देश और मध्य प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

सलकनपुर का मां विजयासन धाम मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को शिवराज सिंह चौहान नवरात्रि की सप्तमी पर मां विजयासन धाम पहुंचे। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की जनता की खुशहाली की कामना की। दर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने धाम में मौजूद भाजपा नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सलकनपुर स्थित मां विजयासन धाम में निर्माणाधीन देवीलोक परियोजना को लेकर भी बातचीत की गई।

दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि मां विजयासन सभी को सद्बुद्धि दें, जिससे हर व्यक्ति सत्य और सद्मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी को देश की प्रगति के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के कल्याण की जिम्मेदारी तो है ही, लेकिन दुनिया में जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं, उनमें भी भारत से उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।

देवीलोक का निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा

मां विजयासन धाम पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत-सत्कार किया। इस दौरान उन्होंने सलकनपुर में विकसित हो रहे देवीलोक का निरीक्षण भी किया। मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। देवीलोक के विकास के साथ इस धार्मिक स्थल की पहचान और आकर्षण को विस्तार देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

हर नवरात्रि में मां के दरबार में लगाते हैं हाजिरी

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां विजयासन धाम के प्रति गहरी आस्था रही है। वे प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के अवसर पर सलकनपुर पहुंचकर माता रानी के दर्शन करते हैं और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनका इस धार्मिक स्थल से विशेष जुड़ाव रहा। उनके कार्यकाल में सलकनपुर देवी मंदिर के विकास और कायाकल्प की दिशा में कार्य किए गए। अब देवीलोक के निर्माण एवं विकास कार्यों के जरिए इस धाम को और भव्य स्वरूप देने का प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0