एसबीआई को लगातार दूसरे साल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक का पुरस्कार

17 Oct 2026 20:32:53
एसबीआई के पुस्कार मिलने का जारी फोटो


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) को न्यूयॉर्क स्थित ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका से लगातार दूसरे साल 'विश्व का सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक 2026’ का पुरस्कार मिला है।

एसबीआई ने शनिवार को ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया कि स्टेट बैंक को ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका ने लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व का सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक 2026’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बैंक को ये पुरस्कार थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की वार्षिक बैठक से इतर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

देश के सबसे बड़े ऋणदाता बैंक एसबीआई ने बताया कि यह सम्मान डिजिटल नवाचार, बेहतर सेवा और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता के जरिये ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग में वैश्विक मानक स्थापित करने की उसकी निरंतर सफलता को दर्शाता है।

इस अवसर पर एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि बैंक में जारी बदलावों, खासकर डिजिटल क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य बड़े पैमाने पर लोगों को भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि डिजिटल क्षमताओं में सुधार से बैंक अधिक लोगों तक पहुंचने और उन्हें तेजी से सेवाएं देने में सक्षम हुआ है।

शेट्टी ने आगे कहा बैंक के कर्मचारी यह सुनिश्चित करते हैं कि बैंकिंग सेवाएं व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप, सुलभ और भरोसेमंद बनी रहें। इस दौरान बैंक ने नया योनो मंच शुरू किया और योनो पर पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 करोड़ के पार पहुंच गई है।

एसबीआई के चेयरमैन ने कहा कि इसके अलावा बैंक ने कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ग्राहक सेवाएं और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप डिजिटल सुविधाएं भी शुरू कीं। एसबीआई ने देशभर में 300 से भी अधिक नई शाखाएं खोलकर अपनी पहुंच का भी विस्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0