नेपाल प्रीमियर लीग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की मिली आधिकारिक मंजूरी

17 Oct 2026 15:12:53
नेपाल प्रीमियर लीग


काठमांडू, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल क्रिकेट संघ (कैन) ने बताया है कि नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) के आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से आधिकारिक मंजूरी मिल गई है।

आईसीसी की शर्तों के अनुसार, एनपीएल में हिस्सा लेने वाले सभी विदेशी खिलाड़ियों को अपने संबंधित क्रिकेट बोर्ड से अनिवार्य रूप से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना होगा। प्रतियोगिता को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आईसीसी की भ्रष्टाचार-रोधी संहिता को सख्ती से लागू किया जाएगा।

शनिवार को कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय क्रिकेट मैदान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैन के सचिव पारस खड्का ने कहा कि आईसीसी की मंजूरी मिलने से एनपीएल की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

आईसीसी के प्रावधानों के मुताबिक, प्रतियोगिता शुरू होने से पिछले छह महीनों के दौरान किसी भी गैरकानूनी या गैर-स्वीकृत क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने वाले खिलाड़ी एनपीएल में हिस्सा लेने के पात्र नहीं होंगे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके विदेशी खिलाड़ियों को भी अपने घरेलू क्रिकेट बोर्ड के साथ समन्वय कर एनओसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कैन ने कहा कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग का जोखिम अधिक रहता है। इसलिए पूरे टूर्नामेंट के दौरान आईसीसी की भ्रष्टाचार-रोधी इकाई (एसीयू) के नियमों को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

नेपाल में इस संबंध में अलग कानून बनाने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, एनपीएल के दौरान जांच और कार्रवाई का दायरा आईसीसी की अंतरराष्ट्रीय आचार संहिता के अनुसार निर्धारित होगा। कैन के मुताबिक, इससे खिलाड़ियों, टीम मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों को अधिक सतर्क एवं जिम्मेदार रहना होगा।

एनपीएल को आधिकारिक टी-20 मान्यता (स्टेटस) देने के विषय में आईसीसी के साथ औपचारिक पत्राचार हो चुका है। कैन ने बताया कि इस संबंध में तकनीकी स्पष्टता सोमवार तक मिलने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता में डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) लागू करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। सचिव पारस खड्का के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में इस संबंध में आधिकारिक निर्णय की घोषणा की जाएगी।

प्लेइंग-11 में चार विदेशी और सात नेपाली खिलाड़ी अनिवार्य

एनपीएल की प्रत्येक फ्रेंचाइजी अपनी टीम में अधिकतम आठ विदेशी खिलाड़ियों को अनुबंधित कर सकेगी। हालांकि, प्लेइंग-11 में सात नेपाली और चार विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य होगा।

काठमांडू में होगा आईसीसी एशिया सम्मेलन

कैन ने यह भी जानकारी दी कि आगामी 19 से 21 नवंबर तक काठमांडू में ‘आईसीसी एशिया सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा।

तीन दिवसीय इस सम्मेलन में एशिया के टेस्ट और एसोसिएट देशों के अध्यक्ष, सचिव तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान एशियाई क्रिकेट के नीतिगत विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

कैन की योजना विदेशी प्रतिनिधियों को एनपीएल का फाइनल मैच दिखाने की भी है, ताकि नेपाली क्रिकेट और नेपाल की मेजबानी क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0