पैरा एशियाई खेल : प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा होंगे ध्वजवाहक, भाविना को आराम

17 Oct 2026 20:11:53

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)।

भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और पैरा एथलीट सिमरन शर्मा आगामी पैरा एशियन खेल 2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे।

सिमरन शर्मा ने भाविना पटेल की जगह ली है। यह फैसला 19 अक्टूबर को होने वाले भाविना के अहम क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले उनके आराम और स्वास्थ्य लाभ को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

साई मीडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, भाविना व्हीलचेयर खिलाड़ी हैं और आयोजन स्थल तक आने-जाने में करीब छह घंटे का समय लगता है। ऐसे में ध्वजवाहक की जिम्मेदारी निभाने के लिए यात्रा करने पर उन्हें अपने महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले आराम और तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है।

पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच सत्यनारायण ने कहा, “भाविना का क्वार्टर फाइनल मुकाबला, 19 अक्टूबर को है। इस अहम मुकाबले से पहले उन्हें पर्याप्त आराम और स्वास्थ्य लाभ का समय मिलना जरूरी है। व्हीलचेयर खिलाड़ी होने के कारण आयोजन स्थल तक आने-जाने में करीब छह घंटे लगते हैं, जो उनके लिए थकाने वाला हो सकता है और इससे उन्हें उबरने के लिए सीमित समय मिलेगा। उनकी सेहत और प्रतियोगिता के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए हमने यह बदलाव करना उचित समझा। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि खिलाड़ियों को जरूरी आराम मिले और वे मुकाबले के समय पूरी तरह तैयार रहें।”

प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा ध्वजवाहक के रूप में भारतीय खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, संघर्ष क्षमता और खेल भावना का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह फैसला दर्शाता है कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और प्रदर्शन को प्राथमिकता देना जरूरी है और किसी भी औपचारिक जिम्मेदारी का असर उनकी प्रतियोगिता की तैयारी पर नहीं पड़ना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0