अमृता पुजारी ने विश्व अंडर-23 कुश्ती चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत के खाते में तीन पदक

17 Oct 2026 19:27:53
अमृता पुजारी


लास वेगास, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पहलवान अमृता पुजारी ने अमेरिका के लास वेगास में जारी अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में महिलाओं के 72 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीत लिया। शनिवार को खेले गए फाइनल में अमृता को यूक्रेन की इरिना ज़ाब्लोत्स्का के खिलाफ 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले उन्होंने लगातार दो मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को चित करके फाइनल में जगह बनाई थी।

भारतीय कुश्ती महासंघ की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अमृता के रजत पदक के साथ ही चैंपियनशिप में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले कोमल ने महिलाओं के 59 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता था, जबकि विश्वजीत मोरे ने ग्रीको-रोमन कुश्ती के 55 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था।

कोमल ने कांस्य पदक के मुकाबले में कजाकिस्तान की विक्टोरिया खुसैनोवा को 7-2 से हराया। इससे पहले उन्होंने कनाडा की एला फाइंडिंग के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद मानदंड के आधार पर जीत दर्ज की और फिर मोल्दोवा की मदालिना प्रिसाकारी को 8-3 से शिकस्त दी। हालांकि, सेमीफाइनल में उन्हें यूक्रेन की अलीना फिलिपोविच के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार झेलनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में जीत हासिल की।

वहीं, विश्वजीत मोरे ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के ग्रीको-रोमन वर्ग में भारत के लिए पहला रजत पदक जीतकर इतिहास रचा। इससे पहले वह इस प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीत चुके थे। इस बार उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया, जहां जॉर्जिया के कोबा करुमिद्जे ने कड़े मुकाबले में उन्हें 13-12 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। विश्वजीत महज एक अंक से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0