शेफाली-मंधाना का तूफान, भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया

18 Oct 2026 23:27:53
शेफाली-मंधाना का तूफान, भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया


हरारे, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शेफाली वर्मा के विस्फोटक अर्धशतक और कप्तान स्मृति मंधाना की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हरा दिया। भारतीय गेंदबाजों ने पहले जिम्बाब्वे की पारी 102 रन पर समेट दी। इसके बाद भारतीय टीम ने महज 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 47 गेंदों में 96 रन जोड़कर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। शेफाली 25 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन तब तक भारत जीत के बेहद करीब पहुंच चुका था।

शेफाली वर्मा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 220 रहा। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ शेफाली ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले वह 23 और 24 गेंदों में अर्धशतक जड़ चुकी हैं।

दूसरी ओर, कप्तान स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की। वह 25 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। दोनों सलामी बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन ने भारतीय टीम की जीत आसान कर दी।

इससे पहले जिंबाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 102 रन बनाए थे। जिंबाब्वे की ओर से चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने 34 और जोसेफिन नकोमो ने 27 रन बनाए। निक्की प्रसाद ने भारत की ओर से दो विकेट चटकाए थे।

सीरीज में भारत की अजेय बढ़त

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। यह स्मृति मंधाना की कप्तान के रूप में पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी है। इससे पहले 16 अक्टूबर को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को चार विकेट से हराया था। सीरीज का तीसरा और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0