हूती हमलों के बीच सऊदी अरब की मदद को तैयार मिस्र, सैन्य समर्थन पर संसद में चर्चा

18 Oct 2026 21:01:53

काहिरा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। यमन के हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब पर तेज होते हमलों के बीच मिस्र ने राज्य की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए हरसंभव सहायता देने की पेशकश की है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने सऊदी अरब की ओर से अनुरोध किए जाने पर उसकी रक्षा में सैन्य सहायता देने के लिए संसद से सेना को अधिकृत करने की प्रक्रिया शुरू की है।

मीडिया रिपोर्टों और दो सांसदों के अनुसार, इस संबंध में रविवार को मतदान होने की संभावना थी, लेकिन चर्चा सोमवार तक जारी रहने की उम्मीद है। प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय और सैन्य सहायता की शर्तें अभी स्पष्ट नहीं हैं।

मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को राष्ट्रीय रक्षा परिषद की बैठक के बाद जारी बयान में कहा कि मिस्र सऊदी अरब की सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा करने, उसके संसाधनों, क्षेत्रीय अखंडता और इस्लाम के पवित्र स्थलों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक और संभव प्रकार का समर्थन देने को तैयार है। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रपति सिसी ने की, जिसमें संसद के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख भी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हाल के दिनों में सऊदी अरब की राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको को निशाना बनाया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार की सऊदी समर्थित सेनाओं और हूतियों के बीच संघर्षविराम टूटने के बाद लड़ाई फिर तेज हो गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0