दुष्यंत कुमार गौतम ने सिक्किम के 21वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

19 Oct 2026 11:19:53
Dushyant Kumar Gautam


गंगटोक, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दुष्यंत कुमार गौतम ने सोमवार को राजधानी स्थित लोक भवन में आयोजित एक समारोह में सिक्किम के 21वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुस्ताक ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, राज्य के मंत्रीगण, विधायकगण तथा अन्य विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही।

सिक्किम के मुख्य सचिव आर. तेलांग ने राष्ट्रपति कार्यालय से जारी नियुक्ति पत्र प्रस्तुत किया और उपस्थित जनसमूह के समक्ष उसे पढ़कर सुनाया। शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त राज्यपाल गौतम ने पदभार ग्रहण से संबंधित शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए।

समारोह में उपस्थित मुख्यमंत्री सहित सभी विशिष्ट व्यक्तियों ने नवनियुक्त राज्यपाल गौतम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।

नवनियुक्त राज्यपाल गौतम रविवार को ही सिक्किम पहुंचे । उनके शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में नए राज्यपाल का कार्यकाल शुरू हो गया है।

इस बीच, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को रविवार को ही विदाई दी गई । उन्हें केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

Powered By Sangraha 9.0