जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को संस्थागत निवेशकों से मिली 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां

19 Oct 2026 16:35:53
जियो प्लेटफॉर्म्स के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए संस्थागत निवेशकों ने लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां लगाई हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की 66.43 फीसदी हिस्सेदारी है।

कंपनी के मुताबिक 8,110 करोड़ रुपये की ‘एंकर बुक’ के लिए पेशकश की गई राशि के मुकाबले 30 गुना से अधिक की बोलियां मिली है। जियो प्लेटफॉर्म्स में हिस्सेदारी लेने के इच्छुक निवेशकों में वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधक, सरकारी निवेश कोष, घरेलू म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियां शामिल हैं। जियो प्लेटफॉर्म्स 30,213 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ ला रही है। यह सार्वजनिक अभिदान के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा।

कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस निर्गम में 27 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल नहीं होगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की यह अनुषंगी कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है। कंपनी के आईपीओ दस्तावेजों के मुताबिक इससे जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल कुछ हद तक उसकी दूरसंचार अनुषंगी कंपनी का कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

जियो प्लेटफॉर्म्स का ये आईपीओ देश का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बनने की उम्मीद है। इश्यू के मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 108 अरब अमेरिकी डॉलर हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0