लालकृष्ण आडवाणी को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल से मिली छुट्टी

19 Oct 2026 14:27:53
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल से सोमवार को छुट्टी मिल गई।

इससे पहले अस्पताल ने अपने स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया था कि लालकृष्ण आडवाणी गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर है और वे कड़ी चिकित्सा निगरानी में हैं।

98 वर्षीय आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद 16 अक्टूबर को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आईसीयू में रखा गया था और न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। उनके समर्थकों ने आडवाणी के जल्द ठीक होने पर राहत जताई।

वर्ष 1980 में भाजपा के गठन के बाद से ही आडवाणी वह शख्स हैं जो सबसे ज्यादा समय तक पार्टी अध्यक्ष पद पर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष पद पर वे 1986 से 1991 तक, 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक रहे। आडवाणी भाजपा के पूर्ववर्ती संगठन भारतीय जनसंघ के भी अध्यक्ष रहे हैं।अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में वे गृहमंत्री और जून 2002 से मई 2004 तक उप प्रधानमंत्री भी रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0