टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: विपक्ष ने कहा-महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था बदहाल, राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

19 Oct 2026 14:41:53
फोटो: जुहू फायरिंग की घटना की जांच कर रही पुलिस


मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद महाराष्ट्र के आला विपक्षी नेताओं ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। विपक्ष के नेताओं ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। फायरिंग, मर्डर, गैंगवार

अब बात हो गई है।

शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने सोमवार को कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो गयी है और 'जंगल राज' आ गया है। महाराष्ट्र में लगातार हो रही फायरिंग, मर्डर, गैंगवार की घटनाओं को देखते हुए सूबे के राज्यपाल को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश केंद्र सरकार से करनी चाहिए।

संजय राऊत ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में हाल ही में हुई फायरिंग, मर्डर और गैंगवॉर की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कानून व्यवस्था को बनाए रखने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल जो फायरिंग हुई, उसे जंगल राज कहते हैं। कानून का राज खत्म हो गया है। जब से देवेंद्र फडणवीस गृह मंत्री बने हैं, तब से अगर आप देखें तो पता चल जाएगा। पुणे, ठाणे, नासिक, नागपुर में हत्याओं और फायरिंग का दौर चल रहा है।

उन्होंने बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र में १990 का अंडरवर्ल्ड का दौर लौट आया है। फडणवीस, शिंदे, सुनेत्रा पवार के राज्य में गैंगवार, जबरन वसूली, धमकियां, सडक़ों पर गोलीबारी, किडनैपिंग फिर से शुरू हो गई है। कल टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ। भीड़ में सामने से हमला किया गया। इससे पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई, सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी हुई, पूर्णेकर की हत्या हुई। इसलिए यह साफ हो गया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था नहीं है, संजय राउत ने हमला किया।

उन्होंने कहा कि राज्य को एक पूर्ण समय के लिए गृह मंत्री की जरूरत है। गृह विभाग का इस्तेमाल विपक्ष को झूठे केस में फंसाने के लिए किया जा रहा है। माफिया गैंग खुलेआम घूम रहे हैं। फडणवीस-शिंदे राज्य नहीं चला सकते। इसलिए राज्य सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए और महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि राज्यपाल को केंद्र से ऐसी सिफारिश करनी चाहिए।

इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और राकांपा एसपी की नेता सुप्रिया सुले ने भी राज्य सरकार खास कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कड़ी आलोचना की। इन सभी नेताओं ने राज्य की घटनाओं का ब्योरा देते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0