ग्वालियर में हुए हादसे में दोषियों के विरुद्ध लिया जाएगा सख्त एक्शन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

19 Oct 2026 22:25:53
ग्वालियर हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री सिधिया


- हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों से मिले मुख्यमंत्री, बंधाया ढांढस

भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में हुए हादसे में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। विस्तृत प्रतिवेदन के आधार पर सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को ग्वालियर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। गौरतलब है कि ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं को कुचल दिया था। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 42 लोग घायल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर पहुंचकर इस दर्दनाक हादसे में अपनों को खोने वाले प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे में दिवंगतों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर के समीप हुए दुखद हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु पर परिजनों से मिलने के लिये उनके निवास पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, विधायक मोहन सिंह राठौर, जयप्रकाश राजौरिया और प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। सभी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राज्य शासन की ओर से तात्कालिक सहायता के रूप में 10 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में दिवंगत स्व. सरला तोमर (गुड़ीगुड़ा का नाका), स्व. दिव्यांशु कुशवाह (महेशपुरा, सिकंदर कंपू), स्व. सतेन्द्र सिंह गुर्जर (महलगांव), स्व. प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (ठाठीपुर चौहान प्याऊ), स्व. नीतेश (निकेश) उर्फ रितेश (दुल्लपुर), स्व. हेमंत राठौर (शिवनगर गदाईपुरा), स्व. पवन राठौर (गदाईपुरा), स्व. लव त्यागी (गदाईपुरा), स्व. अमन त्यागी (गदाईपुरा) एवं स्व. अशोक त्यागी (गदाईपुरा) के निवास पर पहुँचकर परिजनों को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दु:खद घटना के मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की गहन जाँच के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की है। आवश्यकता होने पर ग्वालियर से बाहर किसी चिकित्सा संस्थान में उपचार के लिए घायलों को भेजने के लिये एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले। चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही, घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक घायल व्यक्ति और उसके परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा जा रहा है और जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक घायल को समय पर बेहतर उपचार मिले, प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0