भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति से अजीत अगरकर की विदाई, प्रज्ञान ओझा बने मुख्य चयनकर्ता

युगवार्ता    19-Oct-2026
Total Views |
पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा


- पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच रमेश पोवार को भी चयन समिति में शामिल किया गया

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बदलाव करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच रमेश पोवार को भी चयन समिति में शामिल किया गया है।

प्रज्ञान ओझा दक्षिण क्षेत्र के प्रतिनिधि के तौर पर चयन समिति में शामिल थे। समिति के सदस्यों में सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलने के आधार पर उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रमेश पोवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। संन्यास के बाद उन्होंने कोच के रूप में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहने के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के मुख्य कोच भी रह चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच की भूमिका भी निभाई है।

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में पोवार के कार्यकाल में टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया था।

अगरकर के कार्यकाल में भारत ने जीते कई बड़े खिताब

अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में मुख्य चयनकर्ता का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। भारत ने 2023 और 2025 में एशिया कप का खिताब जीता। टीम 2023 एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल तक पहुंची और 2024 तथा 2026 में टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय टीम ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती।

अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने पिछले साल शुभमन गिल को टेस्ट और एकदिवसीय टीमों का कप्तान नियुक्त करने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

इसी साल चयन समिति ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान नियुक्त किया था। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह ली थी, जिनकी कप्तानी में भारत ने मार्च में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था।

यह होगी पुरुष चयन समिति

बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति में अब पांच सदस्य होंगे। प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष होंगे, जबकि शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार समिति के अन्य सदस्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags