पैरा एशियन खेल: शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर रचा इतिहास, एशियाई रिकॉर्ड भी तोड़ा

19 Oct 2026 07:44:53
शीतल देवी


पायल नाग संयुक्त पांचवें स्थान पर

आइची-नागोया, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने सोमवार को पैरा एशियन खेल 2026 में महिला कंपाउंड तीरंदाजी की क्वालीफिकेशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और नया एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। शीतल ने 720 में से 704 अंक हासिल किए। इस दौरान उन्होंने अपने ही खेल की एशियाई स्तर पर स्थापित 698 अंकों की रिकॉर्ड सीमा को छह अंक से पीछे छोड़ दिया।

क्वालीफिकेशन के 72 तीरों के बाद जारी परिणामों के अनुसार, शीतल ने दोनों 50 मीटर राउंड में 352-352 अंक हासिल किए। उनके नाम के सामने 32 एक्स और 25 बारह अंकों के निशाने दर्ज रहे। उनका यह प्रदर्शन भारतीय पैरा तीरंदाजी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

सिंगापुर की नूर स्याहिदा अलीम 683 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि चीन की शुएकिंग शू ने 680 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। बांग्लादेश की जोमा अख्तर 676 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।

भारत की एक अन्य तीरंदाज पायल नाग ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 720 में से 675 अंक हासिल किए और क्वालीफिकेशन में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। इंडोनेशिया की तेओदोरा फेरेली ऑडी अयूदिया ने भी 675 अंक बनाए, हालांकि दोनों खिलाड़ियों के एक्स और 10 अंकों के निशानों का रिकॉर्ड अलग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0