हरियाणा से कनाडा फ्रोजन फूड उत्पादों का किया गया निर्यात, किसानों की बढ़ेगी आय

02 Oct 2026 17:42:53
एपीडा के फ्रोजन फूड उत्पादों की निर्यात का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के सोनीपत से 24 मीट्रिक टन फ्रोजन फूड उत्पादों की खेप किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ने कनाडा भेजी है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने इसमें मदद की है।

‘अटेर्ना फूड्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ की ओर से भेजी गई फ्रोजन फूड उत्पादों की खेप में कुल सीएडी 35,140 मूल्य के फ्रोजन फूड उत्पादों के 2,295 डिब्बे शामिल हैं। इस निर्यात में हरे मटर, मिश्रित सब्जियां, मटर एवं गाजर, स्वीट कॉर्न और समोसा शामिल हैं। निर्यात करने वाली इकाई को एपीडा की वित्तीय सहायता योजना के तहत मदद मिली थी। ये खेप भारतीय प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में अवसर बढ़ाने तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को वैश्विक खरीदारों एवं बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक और कदम है।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि यह निर्यात वास्तव में निर्यात-उन्मुख मूल्य श्रृंखला बनाने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने में मदद करने में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है। एपीडा, बाजार तक पहुंच को मजबूत करने और किसान समूहों को निर्यात के अवसरों से जोड़ने वाली पहलों के जरिए एफपीओ/एफपीसी और निर्यातकों के बीच संबंध बनाने में मदद कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0