
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल के 111 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे कर दी गई है। बढ़ी हुई गति का सफल परीक्षण शुक्रवार को किया गया। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26401/26404) ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चेनाब ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड रेलवे पुल अंजी ब्रिज को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि गति बढ़ाए जाने से यूएसबीआरएल परियोजना के इस महत्वपूर्ण खंड पर ट्रेन परिचालन अधिक सुचारु होगा और यात्रियों के यात्रा समय में कमी आएगी। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कटरा-बनिहाल रेलखंड पर अधिकतम अनुमत गति बढ़ाने के लिए आवश्यक परीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन के बाद यह बदलाव किया गया है। बढ़ी हुई गति का परीक्षण वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से किया गया और ट्रेन ने चेनाब तथा अंजी पुलों को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पार किया।
चेनाब ब्रिज चिनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। वहीं, अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज है। दोनों पुल यूएसबीआरएल परियोजना के महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग ढांचों में शामिल हैं और इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन के लिए महत्वपूर्ण हैं।
गति 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे किए जाने से कटरा और बनिहाल के बीच रेल परिचालन की क्षमता बढ़ेगी। इससे परिचालन में सुगमता के साथ यात्रियों को यात्रा समय में बचत का लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी