(अपडेट) मीठी नदी घोटाला: ईओडब्ल्यू ने अभिनेता डिनो मोरिया से 5 घंटे तक की पूछताछ

02 Oct 2026 21:32:53

मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मीठी नदी की गाद निकालने (डीसिल्टिंग) परियोजना में कथित 65.54 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की टीम ने शुक्रवार को अभिनेता डिनो मोरिया से पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद मोरिया को जाने दिया गया। इस मामले की गहन छानबीन ईओडब्ल्यू की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि डिनो मोरिया दक्षिण मुंबई के क्रॉफर्ड मार्केट स्थित मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में बने ईओडब्ल्यू मुख्यालय पहुंचे थे। जांच के दौरान सामने आए कुछ तथ्यों और मामले से जुड़े लोगों के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया और जांच में सामने आई अहम जानकारियों के आधार पर मोरिया से पूछताछ की गई। फिलहाल उन्हें जाने दिया गया है। जरूरत पड़ने पर कानून के मुताबिक उन्हें आगे की पूछताछ के लिए फिर बुलाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि डिनो मोरिया से इस मामले में इससे पहले मई 2025 में भी पूछताछ की जा चुकी है। इस बीच, शुक्रवार को मोरिया की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आने के बाद अभिनेता ने इनका खंडन किया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कुछ पोर्टल्स ने दावा किया था कि ईओडब्ल्यू की पूछताछ के बाद उन्हें बांद्रा स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया है। अभिनेता डिनो मोरिया ने कहा, यह सच नहीं है। ईओडब्ल्यू की टीम मीठी नदी डीसिल्टिंग परियोजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है। मामले में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0