स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : सीआर पाटिल

02 Oct 2026 18:54:53
नवसारी के माजीगाम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत विशेष ग्रामसभा में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल शामिल थे


नवसारी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल ने आज नवसारी जिले के चिखली स्थित माजीगाम ग्राम पंचायत में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित विशेष ग्रामसभा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और सफाईकर्मियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री पाटिल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता के साथ स्वच्छता के महत्व पर भी जोर दिया था। देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद स्वच्छता को जन-जन का संकल्प बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में व्यापक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान अब व्यापक जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

पाटिल ने कहा कि देशभर में आयोजित विशेष ग्रामसभाएं ग्रामीणों की भागीदारी को मजबूत करने का माध्यम बन रही हैं। इन ग्रामसभाओं के जरिए पंचायतें अपने गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने, स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा करने और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय की ओर से शुरू किया गया ‘स्वच्छ सुजल गांव आकलन’ भी गांवों में स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

न गंदगी फैलाएंगे, न फैलाने देंगे

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं माना जाना चाहिए। इसे दैनिक जीवन, व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि न स्वयं गंदगी फैलाएंगे और न ही दूसरों को गंदगी फैलाने देंगे। उन्होंने स्वच्छता के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए ग्रामीणों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में गुजरात सरकार के मंत्री नरेशभाई पटेल, सूरत शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल, नवसारी जिला अध्यक्ष भूराभाई शाह, विधायक राकेशभाई देसाई, ऐश्वर्या सिंह, मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, नवसारी जिला कलेक्टर, जिला विकास अधिकारी तथा राज्य एवं जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0