तमिलनाडु में महिलाओं के लिए ‘वेत्री पयणम’ शुरू, मुख्यमंत्री विजय ने खुद बांटे मुफ्त बस यात्रा के टिकट

02 Oct 2026 16:58:53
मुख्यमंत्री विजय


-गांधी जयंती पर विस्तारित योजना का शुभारंभ, 12,692 सरकारी बसों में मुफ्त सफर का मिलेगा लाभ

चेन्नई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु में महिलाओं के लिए विस्तारित मुफ्त बस यात्रा योजना ‘वेत्री पयणम’ शुक्रवार से शुरू हो गई। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चेन्नई के कोयम्बेडु बस टर्मिनल से योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 76बी चेन्नई-कांचीपुरम बस में सवार होकर महिला यात्रियों को अपने हाथों से मुफ्त यात्रा के टिकट दिए।

‘वेत्री पयणम’ के विस्तार के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा अब सरकारी बसों की अतिरिक्त श्रेणियों तक पहुंचाई गई है। योजना के दायरे में एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स बसों के साथ शहरों में संचालित सेवाएं तथा लंबी दूरी की सामान्य बसें और 40 किलोमीटर से अधिक के घाट मार्गों पर चलने वाली सामान्य बसें शामिल हैं।

राज्य सरकार के अनुसार, विस्तारित योजना के तहत करीब 12,692 सरकारी बसों को शामिल किया गया है और इससे प्रतिदिन लगभग 84.32 लाख महिलाओं को लाभ मिलने का अनुमान है। योजना का उद्देश्य परिवहन खर्च के कारण महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी गतिविधियों तक पहुंच प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना है।

पुरानी योजना का हुआ विस्तार

महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा पहले से सामान्य शहरी बसों में लागू थी। नई व्यवस्था के तहत इसका विस्तार बसों की कई अन्य श्रेणियों तक किया गया है। मुख्यमंत्री विजय ने 24 अगस्त को विधानसभा में नियम 110 के तहत योजना के विस्तार की घोषणा की थी और इसे 2 अक्टूबर से लागू करने की बात कही थी।

राज्य सरकार के अनुसार, योजना के लिए करीब 6,000 करोड़ रुपये वार्षिक खर्च का अनुमान है। इसके तहत महिलाओं को यात्रा के लिए आय सीमा या प्रतिदिन यात्राओं की संख्या जैसी पाबंदियां नहीं होंगी।

बस में पहुंचे मुख्यमंत्री, यात्रियों को बांटे टिकट

योजना के शुभारंभ के लिए कोयम्बेडु बस टर्मिनल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय ने सबसे पहले महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे चेन्नई-कांचीपुरम मार्ग की 76बी बस में सवार हुए और महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा के टिकट वितरित किए। टिकट मिलने के बाद यात्रियों ने मुख्यमंत्री को मिठाइयां दीं।

विस्तारित योजना को राज्य के सात परिवहन उपक्रमों की सेवाओं से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ाना और यात्रा खर्च का बोझ कम करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0