बंगाल : हावड़ा स्टेशन पर मध्य प्रदेश से आए यात्री के बैग से 44 लाख नकदी बरामद

02 Oct 2026 09:47:53
कैश बरामद


कोलकाता, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हावड़ा स्टेशन पर एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भारी मात्रा में बेहिसाबी नकदी बरामद की है। मध्य प्रदेश से आई शिप्रा एक्सप्रेस के एक यात्री के बैग से तलाशी में 44 लाख नकदी बरामद की हैं। इतनी बड़ी रकम के साथ यात्रा करने का कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण पेश न कर पाने पर यात्री को हिरासत में लेकर आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। पिछले कुछ दिनों में हावड़ा स्टेशन पर लगातार हो रही नकदी बरामदगी की घटनाओं को देखते हुए रेलवे पुलिस ने सुरक्षा और निगरानी काफी बढ़ा दी है।

आरपीएफ ने शुक्रवार काे बयान जारी कर बताया की यह ताजा मामला गुरुवार का है, जब हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 17 पर डाउन शिप्रा एक्सप्रेस आकर रुकी। मध्य प्रदेश के विदिशा से कोलकाता आए यात्री रोहित सिंह की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर वहां पहले से तैनात आरपीएफ की खुफिया टीम को शक हुआ। अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें से नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। गिनने पर कुल रकम 44 लाख नकदी निकली।

आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में रोहित सिंह ने दावा किया कि वह यह पैसा कोलकाता से सोना खरीदने के लिए लेकर आया था। हालांकि, वह अपने दावे के समर्थन में या पैसे के स्रोत की वैधता साबित करने वाला कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद आरपीएफ ने पूरी रकम जब्त कर ली और आयकर विभाग को सूचित किया।

सूचना मिलते ही आयकर अधिकारी हावड़ा स्टेशन पहुंचे और बरामद नकदी के साथ-साथ यात्री को भी अपनी हिरासत में ले लिया। आयकर विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि इस पैसे का असली स्रोत क्या है और कहीं इसके तार हवाला या अंतरराज्यीय अवैध कारोबार से तो नहीं जुड़े हैं।

गौरतलब है कि, हावड़ा स्टेशन पर नकदी मिलने की यह तीसरी बड़ी घटना है। सितंबर के आखिरी सप्ताह में आरपीएफ ने महाराष्ट्र के रहने वाले सुजीत काले नाम के एक शख्स को हिरासत में लिया था, जिसके पास से करीब 67 लाख नकद बरामद हुए थे। इसके कुछ ही दिनों बाद, वंदे भारत एक्सप्रेस से आए एक अन्य यात्री को हावड़ा स्टेशन के पुराने कॉम्प्लेक्स से पकड़ा गया, जिसके पास से 21 लाख नकद और सोना बरामद हुआ था। -------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0