जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर देना प्राथमिकता : जुएल ओराम

02 Oct 2026 19:22:53
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में आयोजित कार्यक्रम में।


-बाजपुर एकलव्य विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बनाने पर जोर

बाजपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर संसाधनों से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

गांधी जयंती के अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की और विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता अभियान, स्वच्छता शपथ और पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला व्यवहार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और गांवों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान ओराम ने उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित संसाधन तथा आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

ओराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। प्रयास है कि जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बाजपुर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं तथा शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

केंद्रीय मंत्री ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे के पृथक्करण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।

केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और विद्यालय के विकास से जुड़े विषयों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की।

इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी, जिला प्रशासन के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0