सूरत में ‘छोटा योगी’ के खिलाफ पुलिस शिकायत, श्रमिकों के मामले में विवाद के बाद केस दर्ज

20 Oct 2026 15:54:53
मोबाइल स्क्रीन


सूरत, 20 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के सूरत में खुद को ‘छोटा योगी’ के नाम से पहचान बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ गोडादरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामला श्रमिकों के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई और उसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक वीडियो से जुड़ा है।

बताया गया है कि साप्ताहिक अवकाश के दिन एकत्रित हुए श्रमिकों को पुलिस द्वारा हटाए जाने की घटना से नाराज होकर उक्त व्यक्ति ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी.आर. पाटिल से फोन पर बातचीत का वीडियो और उनका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। आरोप है कि वीडियो के माध्यम से भाजपा और मंत्री की छवि खराब करने तथा लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार गोडादरा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर इंस्टाग्राम अकाउंट ‘iamchotayogijimaharaj’ के संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 192, 353(1)(B) और 353(3) के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात कही गई है।

मामले की आगे की जाँच सूरत शहर की साइबर पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और वीडियो के यूआरएल के आधार पर आरोपित की पहचान तथा कथित गतिविधियों की जाँच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0