राष्ट्रपति व लोकसभा अध्यक्ष ने एशियाई पैरा खेल में पदक जीतने वाले भारतीय विजेताओं की दी बधाई

20 Oct 2026 13:21:54
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम 2026 में महिला सिंगल्स क्लास 4–5 टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भाविना पटेल, महिला सिंगल्स क्लास 3 पैरा टेबल टेनिस में अपना पहला सिंगल्स कांस्य पदक जीतने वाली सोनलबेन पटेल, पुरुषों के शॉट पुट एफ11 इवेंट में कांस्य पदक जीतने वाले प्रवीण शर्मा तथा महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली दीप्ति जीवनजी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, भाविना पटेल की यह उपलब्धि आपके खेल सफर को नई गति दे और आपको अपने लिए बड़े लक्ष्य तय करते रहने के लिए प्रेरित करे। सोनलबेन पटेल के खेल सफर का एक बहुत ही खास पड़ाव है। मुझे उम्मीद है कि उनकी यह उपलब्धि टेबल टेनिस के अन्य उभरते खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। प्रवीण शर्मा के लिए खेलों में अपने पहले ही प्रयास में पदक जीतना एक विशेष उपलब्धि है। मुझे उम्मीद है कि यह अनुभव खेल के प्रति आपके समर्पण को और मजबूत करेगा और आपके आगे के सफर में नया उत्साह लेकर आएगा। दीप्ति जीवनजी के लिए एक नये गेम्स रिकॉर्ड बनाना और अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाए रखना, इस सुनहरी जीत को और भी खास बनाता है। आपके शानदार प्रदर्शन से पूरे भारत को बहुत गर्व है!

ओम बिरला ने कहा कि भारत के लिए एक शानदार स्वर्ण जीत! स्वर्ण पदक जीतने वाली दीप्ति जीवनजी ने 56.36 सेकंड के नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ अपना खिताब बरकरार रखा। उनकी यह बेहतरीन उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय पैरा एथलीट प्रवीण शर्मा ने आइची-नागोया एशियाई पैरा खेल-2026 में पुरुषों की गोला फेंक एफ-11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया। अपने पदार्पण एशियाई पैरा खेल में 19 वर्षीय प्रवीण ने अंतिम प्रयास में 13.86 मीटर गोला फेंककर व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और तीसरा स्थान हासिल किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0